नीमच। समीपस्थ ग्राम सूबी में स्थित चारभुजानाथ भगवान के मंदिर (श्री सूबी श्याम) की अदभुत महिमा चहुं ओर फैल रही है। मंदिर से जुडे सैकडों भक्त भगवान के प्रति आदरभाव व्यक्त करने के लिए नित नए आयोजन कर रहे हैं। इस कडी में 14 मार्च 2025 शुक्रवार को द्वितीय फाग महोत्सव का आयोजन किया जाने का निर्णय भक्तों ने लिया है। यह आयोजन दोपहर दो बजे से प्रारंभ होगा। पूरे आयोजन की खूबी यह है कि फाग महोत्सव मे पानी या रसायनिक गुलाल का उपयोग नहीं किया जाएगा। और ग्रामीणों ने भगवान चारभुजा नाथ के प्रति अपने समर्पण भाव को प्रदर्शित करने के लिए यह निर्णय लिया है कि इस दिन लगभग 21 क्विंटल ऑर्गनिक गुलाल पूरे आयोजन में इस्तेमाल की जाएगी। इसकी जगह विशेष गुलाल काम में लाई जाएगी। यह गुलाल पर्यावरण, प्रकृति, परमात्मा और स्वास्थ्य के अनुकूल होगी। आयोजन में श्री सूबी श्याम के लिए विशेष फूलों का इंतजाम किया गया है। यह फूल आकर्षक एवं खुशबूदार होंगे और इन्हीं का उपयोग फाग महोत्सव में किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्राम के श्री चारभुजा मंदिर जूना एवं सूबी के सभी भक्त ग्रामवासियों ने बताया कि फाग महोत्सव का यह द्वितीय वर्ष है। पूरे उत्सव में पानी या रंग का उपयोग नहीं होगा। इस पावन आयोजन के लिए भक्त ग्रामीणो ने सभी तैयारियां प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि फाग महोत्सव को विशाल पैमाने पर किया जा रहा है। जिसमें सबसे पहले श्री सूबी श्याम को चांदी के विशेष बेवाण में बैठाकर नगर भ्रमण कराया जाएगा। इसमें सभी ग्रामवासी शामिल होंगे। यह भ्रमण गांव, देश की उन्नती, शांति तथा खुशी के लिए किया जाएगा। फाग महोत्सव की तैयारी के क्रम में मंदिर की आकर्षक साज-सज्जा की जा रही है। भगवान श्री चारभुजानाथ मंदिर में सुबह-शाम आरती में शामिल होने वाले सभी भक्तों में आयोजन को लेकर अपार उत्साह है। आयोजकों ने सभी लोगों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
ग्राम सूबी में फागोतसव का अनूठा आयोजन: भगवान चारभुजानाथ की फूलों की होली
REPORTER:Desk Report
REPORTER:Desk Report
.jpg)