- सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चों व नागरिकों ने सहभागिता की
सरवानिया महाराज। समूचे विश्व के साथ जिले के सरवानिया महाराज में विश्व योग दिवस मनाया गया, इस मौके पर नगर परिषद सरवानिया महाराज के अध्यक्ष रूपेंद्र जैन सहित सैकड़ों लोगों ने योगासन किया और स्वस्थ रहने के लिए हर व्यक्ति को जीवन में योग अपनाने का संदेश दिया।
21 जून को विश्व योग दिवस के मौके पर मप्र शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर नगर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में योग दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें नगर परिषद सरवानिया महाराज, अशासकीय स्कूल, पुलिस विभाग, शासकीय मिडिल स्कूल, सहकारी संस्था सहित अन्य सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चों व नागरिकों ने योग क्रियाएं की। विश्व योग दिवस के मौके पर नगर परिषद सरवानिया महाराज के अध्यक्ष रूपेंद्र जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, स्कूल प्राचार्य स्मिता शर्मा सहित अन्य विशेष रूप से उपस्थित हुए और मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर योग दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत की, इस दौरान भोपाल में आयोजित कार्यक्रम का रेडियों पर प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन देवीसिंह देवड़ा ने किया ।